प्रो. आरके मैखुरी ने बढ़ाया गढ़वाल विश्वविद्यालय का मान, लगातार आठवीं बार दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में शामिल9
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. आरके मैखुरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, अमेरिका की ओर से जारी वर्ष 2026 के विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में उन्हें स्थान मिला है। इस उपलब्धि के साथ प्रो. मैखुरी ने लगातार आठवीं बार इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाकर अपनी शोध प्रतिभा और वैज्ञानिक योगदान का परिचय दिया है।
प्रो. मैखुरी को हिंदुकुश हिमालयी क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, पारंपरिक ज्ञान, आपदा न्यूनीकरण, पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्स्थापन और समुदाय आधारित आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चार दशक से अधिक का शोध अनुभव है। इन क्षेत्रों में उनके निरंतर शोध कार्यों ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
पर्यावरण संरक्षण और हिमालयी पारिस्थितिकी से जुड़े विषयों पर उनके शोध कार्य न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों की पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने और उनके समाधान तलाशने में भी उपयोगी हैं। उनकी यह उपलब्धि गढ़वाल विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और शोध के क्षेत्र में कार्य कर रहे विद्यार्थियों एवं युवा वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणास्रोत है।



