4 अक्टूबर 2026, कालाढूंगी

#अद्भुत_पहल

*सेवा से सम्मान तक: कालाढूंगी में भाजपा नेता मनोज पाठक ने सैकड़ों सेवाभावी ग्रामीणों को किया ‘ग्रामश्री सम्मान’ से सम्मानित*

कालाढूंगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कालाढूंगी विधानसभा के कोटाबाग ब्लॉक स्थित ग्रामसभा नौदा (कल्याणपुर) में ‘ग्रामश्री सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव एवं समाज के लिए निरंतर सेवा, समर्पण और सकारात्मक योगदान देने वाले सैकड़ों कर्मठ एवं सेवाभावी ग्रामीणों को ‘ग्रामश्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में किसान भाइयों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, बिजली एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े कर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे ग्रामीणों को सम्मानित किया गया। ये वे लोग हैं जो अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए दिन-रात समाज की सेवा में जुटे रहते हैं और आवश्यकता पड़ने पर विषम परिस्थितियों में भी ग्रामीणों के बीच अपनी सेवाएं पहुंचाते हैं।

इस अवसर पर भाजपा नेता मनोज पाठक ने कहा कि “गांव की असली ताकत केवल उसकी मिट्टी, संस्कृति और परंपराएं नहीं, बल्कि वे लोग हैं जो निस्वार्थ भाव से गांव और समाज के लिए अपना योगदान देते हैं। ऐसे सेवाभावी लोगों का सम्मान करना पूरे समाज का सम्मान है।”

उन्होंने कहा कि “किसान खेत में मेहनत करता है, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता मातृशक्ति एवं बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता करती हैं, वहीं बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी हर परिस्थिति में लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का काम करते हैं। इन सभी के योगदान से ही हमारा ग्रामीण समाज मजबूत और आत्मनिर्भर बनता है।”

मनोज पाठक ने कहा कि ‘ग्रामश्री सम्मान’ किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि गांव की उस सेवा भावना का सम्मान है, जो बिना किसी अपेक्षा के निरंतर समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह ग्रामीण प्रतिभाओं और सेवाभावी व्यक्तित्वों को पहचान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सम्मानित होने वाले ग्रामीणों ने इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।

मनोज पाठक ने कहा कि सेवा, सम्मान और सहभागिता की इस भावना को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि समाज के लिए समर्पित प्रत्येक व्यक्ति के योगदान को पहचान और सम्मान मिल सके।

#uttarakhand #Kaladhungi