न्यूज

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के आदेश, गाजियाबाद MP-MLA कोर्ट ने अपनाया सख्त रुख

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के आदेश, गाजियाबाद MP-MLA कोर्ट ने अपनाया सख्त रुख

 

2018 के मारपीट मामले में लगातार पेशी पर अनुपस्थित रहने का मामला, 8 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

 

गाजियाबाद। नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। वर्ष 2018 के एक मारपीट और गाली-गलौज के मामले में गाजियाबाद की विशेष MP-MLA अदालत ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 17 नवंबर को कुर्की से संबंधित आदेश जारी किया है। अदालत में लगातार पेशी पर अनुपस्थित रहने के चलते यह कार्रवाई की गई है। मामला वर्ष 2018 में साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। इस मामले में धर्मेंद्र कुमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी समारोह के दौरान हथियारों को लेकर सवाल पूछने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसी मामले में चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ न्यायालय में सुनवाई चल रही है।

 

मुंबई में बैठक के चलते नहीं हो सके पेश

 

17 नवंबर को मामले की सुनवाई के दौरान चंद्रशेखर आजाद अदालत में उपस्थित नहीं हुए। उनकी ओर से अधिवक्ता ने हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दाखिल किया। बचाव पक्ष की ओर से बताया गया कि सांसद पहले से निर्धारित संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई में थे, जिस कारण वह अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। हालांकि, अदालत ने उनके खिलाफ सख्त आदेश जारी किया।

 

8 दिसंबर को अगली सुनवाई

 

इस मामले में अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 8 दिसंबर 2026 की तारीख निर्धारित की है। अब सभी की निगाहें आगामी सुनवाई पर टिकी हैं कि सांसद की ओर से अदालत में क्या पक्ष रखा जाता है और न्यायालय आगे क्या निर्णय लेता है। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि आजाद समाज पार्टी और AIMIM के गठबंधन के बाद उन्हें परेशान किया जा रहा है।

फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर अंतिम न्यायिक निर्णय होना बाकी है। #PostViral #mpnageena #asp #AIMIM #AzadSamajParty #आजादसमाजपार्टी