#उत्तराखंड उत्तरकाशी: अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे CM धामी, हर पीड़ित परिवार को 5 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान

सर्दी और बर्फबारी से पहले प्रभावितों के लिए सुरक्षित आवास की होगी व्यवस्था, छह माह का राशन और बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा भी उठाएगी सरकार।
उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के बीच बैठकर उनका दुख-दर्द साझा किया और अग्निकांड से हुए नुकसान की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को बिना देरी के राहत उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी के मौसम और संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी को भी कठिन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। अग्निकांड में घरों के साथ छह माह का सुरक्षित रखा राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह तक राशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन परिवारों ने इस हादसे में अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खो दी है, उनकी पीड़ा को समझना बेहद कठिन है। सरकार का पूरा प्रशासनिक तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता का मामला नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास लौटाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे और राहत कार्यों की जानकारी ले रहे थे।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने तथा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पुनर्वास और गांव को दोबारा व्यवस्थित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



