5 सितंबर 2026, रामनगरः
प्रगतिशील महिला एकता केंद्र ने 5 सितंबर 2026 को अपने दो दिवसीय चौथे सम्मेलन की शुरुआत रामनगर के भगत सिंह चौक पर भगत सिंह की प्रतिमा का माल्यार्पण तथा ध्वजारोहण के साथ की।

सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत करते हुए अध्यक्ष बिंदु गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में पूरी मजदूर मेहनतकश आबादी की जीवन परिस्थितियां बिगड़ती जा रही हैं। मंहगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी इस आबादी को चौतरफा मार रही है। और उस पर लगातार कम होती मजदूरी संकट को और घनीभूत कर रहा है। इस संकट का सबसे तीखा प्रहार महिलाओं के ऊपर हो रहा है। पहले से असमान वेतन प्राप्त कर रही मजदूर महिलाओं की मजदूरी तेजी से घट रही है और रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं।
समाज में बढ़ रही यौन हिंसा उनके लिए असुरक्षा को बढ़ा रही है। समाज में काम कर रही फासीवादी ताकतें महिलाओं के जनवादी अधिकारों पर तीखा हमला कर रही हैं। उनके पहनने -ओढ़ने से लेकर जीवन साथी चुनने तक के अधिकार को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही हैं।

हम दो दिन के अपने इस सम्मेलन में देश-दुनिया की आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संकट पर विचार, विमर्श करते हुए अपनी आगे के रास्ते पर बात करेंगे।
सम्मेलन ने दिन भर में पिछले चार सालों में अंतर्राष्टरीय परिस्थितियों, राष्ट्रीय परिस्थितियों तथा महिलाओं की स्थितियों में आए परिवर्तन पर चर्चा करते हुए रिपोर्ट पास की।
दिन भर चले सत्र में बात रखते हुए वक्ताओं ने कहा कि फासवीदी ताकतें लगातार जनता के संघर्षों, और अधिकारों पर हमले कर रही हैं। अभिव्यक्ति से लेकर संगठित होने तक के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। ऐसी महिलाएं जो मजदूर मेहनतकश महिलाओं के अधिकारों की बात करती हैं पर हमला तेज हो रहा है।
ऐसे में महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्षों को आगे बढ़ाना होगा।
जारीकर्ता
रजनी
महासचिव
प्रगतिशील महिला
एकता केंद्र
मो.न.



