उत्तराखण्ड

*उत्तराखंड के किसानों और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए मजबूत एयर कार्गो नेटवर्क आवश्यक: त्रिवेन्द्र*

ख़बर शेयर करें

 

 

*लोकसभा में सांसद त्रिवेन्द्र के प्रश्न पर एयर कार्गो अवसंरचना पर केंद्र का जवाब।*

 

  1. *उत्तराखंड के किसानों और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए मजबूत एयर कार्गो नेटवर्क आवश्यक: त्रिवेन्द्र*

 

*देहरादून/ नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026*

सांसद हरिद्वार एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा लोकसभा में देश की हवाई कार्गो अवसंरचना, राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति तथा कृषि उड़ान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पूछे गए प्रश्न का केंद्र सरकार ने विस्तृत लिखित उत्तर दिया है।

 

अपने प्रश्न के माध्यम से श्री रावत ने राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति और कृषि उड़ान योजना के अंतर्गत राज्यवार प्रगति, देशभर में एयर कार्गो टर्मिनलों के विस्तार एवं आधुनिकीकरण, डिजिटल एकीकरण तथा निर्यात-उन्मुख एवं शीघ्र खराब होने वाले कृषि उत्पादों की बेहतर ढुलाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी मांगी थी।

 

नागर विमानन राज्य मंत्री श्री मुरलीधर मोहोल ने अपने उत्तर में बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति और पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान के माध्यम से देश की हवाई कार्गो प्रणाली को आधुनिक, तेज और अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। कृषि उड़ान योजना के तहत चयनित हवाईअड्डों पर भारतीय मालवाहक विमानों तथा पैसेंजर-टू-कार्गो विमानों को लैंडिंग एवं पार्किंग शुल्क में छूट सहित अन्य परिचालन शुल्कों में राहत प्रदान की जा रही है, जिससे किसानों और कृषि उत्पादकों को सीधा लाभ मिल रहा है।

 

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर में, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में एयर कार्गो वेयरहाउसिंग क्षमता बढ़ाने, कार्गो टर्मिनलों के आधुनिकीकरण तथा नई सुविधाओं के विकास का कार्य लगातार जारी है। साथ ही प्रमुख हवाईअड्डों को यूनिफाइड लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म (ULIP), एयरपोर्ट कार्गो कम्युनिटी सिस्टम और कस्टम्स के डिजिटल प्लेटफॉर्म ICGATE से जोड़कर व्यापार प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जा रहा है।

 

श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का लॉजिस्टिक्स तंत्र अभूतपूर्व गति से आधुनिक हो रहा है। हवाई कार्गो अवसंरचना के सुदृढ़ होने से कृषि, बागवानी, मत्स्य, पुष्प उत्पादन और अन्य शीघ्र खराब होने वाले उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में सहायता मिलेगी। इससे किसानों, उद्यमियों, निर्यातकों और स्वरोजगार से जुड़े लाखों लोगों की आय बढ़ाने के नए अवसर सृजित होंगे।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए मजबूत हवाई कार्गो नेटवर्क अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे राज्य के सेब, कीवी, माल्टा, सब्जियां, फूल, औषधीय एवं सुगंधित पौधों सहित स्थानीय उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक शीघ्र पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

 

श्री रावत ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार आधुनिक अवसंरचना, डिजिटल कनेक्टिविटी और बेहतर लॉजिस्टिक्स व्यवस्था पर निरंतर कार्य कर रही है, जिसका लाभ देश के किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों तक पहुंच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *