टिहरी के बहुचर्चित केतन लाल हत्याकांड में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दिवाकर डिमरी गिरफ्तार।
टिहरी के प्रतापनगर क्षेत्र के लंबगांव थाना पुलिस की यह कार्रवाई पीड़िता की मां और ग्रामीणों के विरोध के बाद की है। गौरतलब हो कि पीड़िता की मां ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर जिला मुख्यालय में अनिश्चितकालीन धरना और अनशन की चेतावनी दी थी।
पुलिस अनुसार, ग्राम देवल निवासी दिवाकर डिमरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और मेडिकल रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विदित है कि 7 जून की रात केतन लाल अपने दोस्त दिवाकर के साथ नाबालिग युवती से मिलने गया था । जहाँ युवती के पिता सहित कुछ लोगों ने दोनों पर हमला कय दिया था जिसके बाद उपचार के दौरान केतन लाल की मौत हो गई थी।
बाद में युवती की माँ की अर्जी पर न्यायालय के आदेश पर 11 जुलाई को लंबगांव थाने में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले ग्रामीणों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था और विवेचना अधिकारी को हटाकर निष्पक्ष जांच की मांग भी की थी।
