07 सितम्बर 2026, नैनीताल
मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवा
नैनीताल स्थित जी.बी. पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान में जनपद नैनीताल वन विभाग से संबंधित आम जनमानस की विभिन्न समस्याओं एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को प्रभावी रूप से कम करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सदस्य उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग योगेश सिंह रजवार ने की।
बैठक में आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती चुनौतियों के बीच स्थानीय नागरिकों, विशेषकर विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी एवं ठोस सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि वन एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आसपास वन्यजीवों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां सोलर लाइट की स्थापना, आवश्यक स्थानों पर फेंसिंग तथा विद्यालयों तक आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि नैनीताल एवं आसपास के क्षेत्रों में बंदरों की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए वानर बंध्याकरण कार्यक्रम को योजनाबद्ध, प्रभावी एवं अभियान के रूप में संचालित किया जाना आवश्यक है, जिससे आमजन को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
श्री रजवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं। इन अभियानों के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को वन्यजीवों के व्यवहार, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने, वन्यजीवों की उपस्थिति की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपात स्थिति में वन विभाग को तत्काल सूचना देने के संबंध में जागरूक किया जाए।
बैठक में आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष का प्रभावी समाधान केवल रेस्क्यू कार्रवाई तक सीमित न रहकर सुरक्षात्मक उपायों, जन-जागरूकता एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
श्री रजवार ने कहा कि जमरानी परियोजना से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक स्थानों पर सोलर लाइट, फेंसिंग तथा रेस्क्यू वाहन की व्यवस्था कराए जाने की दिशा में प्रभावी पहल की जानी चाहिए, ताकि वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि आगामी सीजन में मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं को देखते हुए रेस्क्यू टीमों में अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती, 24×7 उपलब्धता तथा अत्याधुनिक हाईटेक उपकरणों से सुसज्जित किया जाना आवश्यक है। संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती तथा विभागीय नियंत्रण कक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
श्री रजवार ने कहा कि रेस्क्यू टीमों को नाइट विजन कैमरे, जीपीएस, आधुनिक संचार उपकरण, ट्रैंक्विलाइजिंग उपकरण, प्राथमिक उपचार किट, पिंजरे एवं आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाए, जिससे वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू सुनिश्चित करने के साथ-साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
बैठक के दौरान आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने नैनीताल वन प्रभाग द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम एवं रेस्क्यू कार्यों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बैठक में श्री आकाश गंगवार, उप वन संरक्षक, नैनीताल वन प्रभाग, श्रीमती ममता चंद, उप प्रभागीय वनाधिकारी, मुक्तेश्वर, श्रीमती शशि देव, उप प्रभागीय वनाधिकारी, नैनीताल, श्री नितिन पंत, वन क्षेत्राधिकारी, मनोरा वन क्षेत्र, श्री विजय मेलकानी, वन क्षेत्राधिकारी, भवाली वन क्षेत्र, श्री संजय भट्ट, वन दरोगा, श्री गिरीश चन्द्र उपाध्याय, वन दरोगा, श्री दुर्गा दत्त मेलकानी, वन दरोगा, श्री कुमार सौरभ, वन दरोगा, श्री गोधन सिंह, वन आरक्षी, श्री राजेन्द्र कुमार वर्मा, वन आरक्षी, श्री आनंद सिंह, सिस्टम एनालिस्ट, श्री भरत मासीवाल, फार्मासिस्ट, श्री चन्द्रकान्त जोशी, श्री दीपक बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री गौरव रमोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री पंकज सूर्या, भाजपा युवा मोर्चा जिला सोशल संयोजक श्री देवेश सम्मल एवं श्री देवेश गिरी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के साथ-साथ बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। विभागीय स्तर पर समन्वित प्रयास, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता और जनसहभागिता के माध्यम से नैनीताल जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी एवं परिणाममुखी कार्ययोजना पर निरंतर कार्य किया जाएगा।



