उत्तराखण्ड देहरादून न्यूज व्यापार

अब घर बैठे मिलेगी निर्माण सामग्री, 7 सितंबर से शुरू होगा ‘यूके मिनरल मार्ट’

1 सितंबर 2026, देहरादून

उत्तराखंड में खनिज प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की ओर से तैयार ‘यूके मिनरल मार्ट’ पोर्टल का शुभारंभ 7 सितंबर 2026 से आम जनता के लिए किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को उच्च गुणवत्ता की निर्माण सामग्री ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी।

 

मंगलवार को निदेशालय सभागार में निदेशक राजपाल लेघा की अध्यक्षता में एमडीटीएसएस योजना के तहत ई-सर्विसेज, मिनरल मैनेजमेंट, ई-चेक गेट्स और मिनरल मार्ट की समीक्षा की गई। बैठक में डिजिटल खनिज प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और आम लोगों को इसका सीधा लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।

 

मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में तैयार किए गए यूके मिनरल मार्ट के जरिए आम जनमानस को निर्माण सामग्री सस्ती दरों और ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे निर्माण सामग्री की खरीद में सुविधा के साथ ही व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।

 

खनिज क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ई-सर्विसेज, मिनरल मैनेजमेंट और ई-चेक गेट्स जैसी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। निदेशालय का प्रयास है कि खनिज परिवहन और प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया को तकनीक के माध्यम से अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाए।

 

7 सितंबर से आम जनता के लिए शुरू होने वाला यूके मिनरल मार्ट इस दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खास बात यह होगी कि निर्माण सामग्री की खरीद के लिए लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सामग्री एवं उसकी प्रक्रिया पर अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

एक क्लिक पर निर्माण सामग्री की उपलब्धता और डिजिटल निगरानी—उत्तराखंड के खनिज प्रबंधन को नई दिशा देने की तैयारी।