उत्तराखण्ड देहरादून

UKSSSC ने जारी की पटवारी-लेखपाल भर्ती की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट, 6 अगस्त से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

ख़बर शेयर करें

UKSSSC ने जारी की पटवारी-लेखपाल भर्ती की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट, 6 अगस्त से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

 

416 स्नातक स्तरीय पदों की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा अपडेट, संशोधित उत्तर-कुंजी और कटऑफ भी वेबसाइट पर जारी

 

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा-2025 के तहत राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) एवं राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) पदों के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग ने इन पदों के लिए औपबंधिक (प्रोविजनल) श्रेष्ठता सूची, श्रेणीवार/उपश्रेणीवार कटऑफ अंक तथा लिखित परीक्षा की संशोधित उत्तर-कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है।

 

आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या 70/उ०अ०से०च०आ०/2025 के तहत विभिन्न विभागों में कुल 416 स्नातक स्तरीय रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इन पदों के लिए 14 जून 2026 को लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी।

 

इन 416 पदों में राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) के 119 पद तथा राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) के 61 पद शामिल हैं, जिनके लिए लिखित परीक्षा के बाद शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा आयोजित की जानी है। आयोग ने अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन, पात्रता, प्राप्त अंकों की श्रेष्ठता तथा रिक्त पदों के सापेक्ष चार गुना अनुपात के आधार पर शारीरिक परीक्षा के लिए प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की है।

 

आयोग ने बताया कि पटवारी और लेखपाल पदों के लिए शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा 6 अगस्त 2026 से प्रस्तावित है। परीक्षा के प्रवेश पत्र, परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक जानकारी अलग से आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

 

शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी होने के बाद सभी 416 पदों के लिए अभिलेख सत्यापन (Document Verification) हेतु अंतिम औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की जाएगी।

 

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in का अवलोकन करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *