
घनसाली में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, पहचान छिपाने के आरोप से बढ़ा तनाव
टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म और पहचान छिपाकर संबंध बनाने के आरोप का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। घटना को लेकर विभिन्न हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों और व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप गुरुवार को बाजार बंद का आह्वान किया गया, जबकि एहतियात के तौर पर मुस्लिम व्यापारियों की अधिकांश दुकानें भी बंद रहीं। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना घनसाली में चंडीगढ़ निवासी मोहम्मद जसीम अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बीती मध्य रात्रि को घनसाली बाजार के एक वार्ड में स्थानीय लोगों ने एक स्थानीय नाबालिग युवती (उम्र करीब 15 वर्ष) के कमरे से दूसरे समुदाय के युवक मोहम्मद जसीम अंसारी निवासी माजरा, चंडीगढ़ को पकड़ लिया। इसके बाद हिंदुत्वनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जिसके बाद नाबालिग की मां की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता कक्षा 11वीं की छात्रा है। युवक और युवती की मुलाकात लगभग 10 माह पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि युवक ने हिंदू नाम बताकर युवती से दोस्ती की।
बताया गया कि जनवरी 2026 में उक्त युवक घनसाली आया था, जिसे युवती ने हिंदू मित्र बताकर अपने घर पर रुकवाया। इसके बाद युवती भी चंडीगढ़ तथा जून 2026 में कुछ दिन आरोपी के घर पर रही। आरोप है कि इस दौरान युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया।
बताया जा रहा है कि 4 जुलाई अभियुक्त मोहम्मद जसीम अंसारी फिर से घनसाली स्थित युवती के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, क्योंकि युवती को उसके दूसरे धर्म से होने की जानकारी मिल चुकी थी। इसके बाद पीड़िता ने थाना घनसाली में लिखित शिकायत दी।
फिलहाल अभियुक्त पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद घनसाली बाजार में सभी मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें बंद है। व्यापार मंडल में आक्रोश है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि घनसाली थाने में एक महिला द्वारा तहरीर दी गई जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि चंडीगढ़ निवासी युवक द्वारा अपनी पहचान छिपाकर बेटी के साथ संबंध बनाया गया, जिसमें तत्काल आवश्यक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया, जो युवक है उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
#uttarakhand #Tihri
