छात्रसंघ चुनाव को लेकर आम सभा आयोजित ,प्रत्याशियों ने विद्यार्थियों के समक्ष रखे विचार,
कल प्रातः 10:00 से दोपहर 2:00बजे तक होगा मतदान
रामनगर, 28 सितंबर। पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 के तहत सोमवार को आम सभा का आयोजन किया गया। आम सभा में छात्रसंघ के विभिन्न पदों के प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए- विशाखा चौहान,सूरज रावत, नीरज कंडारी, उपाध्यक्ष (छात्रा) पद के लिए- ईशा नेगी, यशोदा, सचिव पद के लिए- ललित कांडपाल,रोहित जोशी, संयुक्त सचिव पद के लिए- नेहा शर्मा, विनीता रावत, अमृत कौर, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए- प्रियांशु लखचौरा,दीपांशु आर्या, साक्षी, तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए- विकास सिंह, भुवन चंद्र जोशी ने विद्यार्थियों के समक्ष अपने विचार एवं प्राथमिकताएं प्रस्तुत कर अपनी बात रखी। प्रत्याशियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए महाविद्यालय से संबंधित शैक्षणिक, छात्रहित एवं सांस्कृतिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।जिसमें व्यावसायिक पाठ्यक्रम जैसे बी.बी.ए, बी.सी.ए एम.सी.ए एम.बी.ए को महाविद्यालय में संचालित करने तथा शासन-प्रशासन स्तर पर अपनी बात रख कर महाविद्यालय का पूर्ण सहयोग करेंगे तथा साथ ही एनसीसी/ एनएसएस /रोवर रेंजर के माध्यम से भी महाविद्यालय को नई पहचान दिलाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। आम सभा के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं आचार-संहिता के अनुरूप संचालित किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रोफे. महिपाल सिंह, डॉ. ललित मोहन, डॉ. अलका के निर्देशन में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। चीफ प्रॉक्टर प्रोफे. लव कुश, प्रोफे. जानकी सुयाल,प्रोफे.ऊषा पंत,डॉ पुनीता कुशवाहा, डॉ गोकुल सिंह सत्याल, डॉ शंकर मंडल, तथा डॉ प्रमोद कुमार पाण्डे ने भी निर्वाचन व्यवस्था में सहयोग किया। छात्रसंघ निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक महाविद्यालय परिसर में मतदान कराया जाएगा,मतदान के लिए सात मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है, जिनमें क्रमशः कक्ष सांख्य 19,43,45,52 और मयूर सभागार में तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अपराह्न 03:00 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के दौरान विद्यार्थियों को अपना वैध महाविद्यालय पहचान-पत्र साथ रखना होगा तथा निर्वाचन संबंधी निर्धारित नियमों एवं अनुशासन का पालन करना होगा। प्राचार्य प्रोफे. एम.सी. पांडे ने सभी प्रत्याशियों एवं विद्यार्थियों से निर्वाचन आचार-संहिता का पालन करने तथा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने की अपील की।आम सभा के उपरांत प्राचार्य प्रोफे. एम.सी. पांडे की अध्यक्षता में महाविद्यालय के स्टाफ के साथ निर्वाचन संबंधी आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 29 सितंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में 07 मतदान केंद्रों की व्यवस्था, कार्मिकों की जिम्मेदारियां, विद्यार्थियों के प्रवेश एवं पहचान-पत्र के सत्यापन, मतदान के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। आम सभा के आयोजन के साथ चुनावी प्रक्रिया अपने महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। अब 29 सितंबर को होने वाला मतदान छात्रसंघ निर्वाचन का अगला प्रमुख चरण होगा।
उपाध्यक्ष (छात्र ) पद पर दीपांशु तथा कोषाध्यक्ष पद पर कु. सृष्टि निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं इन पदों पर कोई मतदान नहीं होगा



