उत्तराखण्ड नैनीताल रामनगर

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के टीके लगे ग्रेट मिशन स्कूल में

21 सितंबर 2026 , रामनगर

ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल में किशोरियों के लिए HPV टीकाकरण अभियान आयोजित

  • सर्वाइकल कैंसर से बचाव के टीके लगे ग्रेट मिशन स्कूल में

 

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति छात्राओं एवं अभिभावकों को किया गया जागरूक

 

रामनगर। ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नलिनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में मंगलवार को किशोरियों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य किशोरियों को HPV संक्रमण तथा इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करना और आवश्यक स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना रहा।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विद्यालय में 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की छात्राओं को HPV वैक्सीन लगाई गई। कार्यक्रम के दौरान डॉ. परीक्षित रावत के संरक्षण में टीकाकरण अभियान संपन्न हुआ।

 

इस अवसर पर नीरू ज्याला, काउंसलर, PHC बैलपड़ाव द्वारा छात्राओं को HPV संक्रमण, टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने छात्राओं एवं अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए समय पर आवश्यक टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।

 

शिखा भट्ट (ANM) द्वारा छात्राओं का टीकाकरण किया गया। वहीं स्टाफ नर्स की उपस्थिति एवं स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। टीकाकरण के पश्चात छात्राओं के स्वास्थ्य की भी निगरानी की गई तथा सभी छात्राएँ स्वस्थ रहीं।

 

विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए टीकाकरण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय की ओर से अभिभावकों की सहमति एवं सहयोग के साथ छात्राओं को इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का लाभ दिलाया गया।

 

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नलिनी श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम विद्यार्थियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

 

ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।