खनन निदेशक राजपाल लेघा की पहल, उत्तराखंड में खनन की निगरानी होगी हाईटेक

तीन जिलों में स्थापित होंगे आठ भूकंपीय निगरानी स्टेशन, 2.41 करोड़ की लागत से पांच वर्षों तक होगा वैज्ञानिक अध्ययन
देहरादून (मनोज सैनी)। उत्तराखंड में खनन गतिविधियों की वैज्ञानिक निगरानी को मजबूत करने की दिशा में खनन विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में खनन निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय तथा वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के बीच महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ है।
इस समझौते के तहत खनिज बाहुल्य जनपद बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में आठ माइक्रो अर्थक्वेक मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। करीब 2.41 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के प्रथम चरण में पांच वर्षों तक खनन गतिविधियों के भूकंपीय प्रभावों का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा।
खनन निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में विभाग की यह पहल आधुनिक तकनीक के माध्यम से खनन गतिविधियों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। अध्ययन से प्राप्त वैज्ञानिक आंकड़े सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उत्तराखंड जैसे भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य में यह पहल खनन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।



