IIA उत्तराखंड चैप्टर में मनबर सिंह नेगी के नेतृत्व में नई टीम की ऐतिहासिक विजय

73 प्रतिशत मतों के साथ भारी बहुमत से चेयरमैन निर्वाचित — नई कार्यकारिणी ने लिया एकजुट और सशक्त वास्तु बिरादरी का संकल्प
8 सितंबर 2026।
द इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA), उत्तराखंड चैप्टर के 2026–28 कार्यकाल के चुनाव में आर्किटेक्ट मनबर सिंह नेगी को चेयरमैन निर्वाचित किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर 1 से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित चुनाव में नेगी ने “Get It Right Again” टीम के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और उत्तराखंड में 73 प्रतिशत मत प्राप्त कर भारी अंतर से विजय हासिल की।
यह विजय उत्तराखंड की वास्तु बिरादरी की एकजुटता, विश्वास और सकारात्मक नेतृत्व की अपेक्षाओं का स्पष्ट जनादेश मानी जा रही है। नेगी के नेतृत्व वाली पूरी टीम को भी सदस्यों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। (A Bit Far)
नई कार्यकारिणी
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में वाइस चेयरमैन आर्कि. अखिलेश कुमार, ट्रेजरर आर्कि. सुबोध डोभाल तथा ज्वाइंट सेक्रेटरी आर्कि. कनव कुमार अग्रवाल शामिल हैं।
समिति सदस्यों के रूप में आर्कि. संजय भार्गव, आर्कि. जितेंद्र सरोही, आर्कि. नीरज त्यागी, आर्कि. रितेश कुमार, आर्कि. उमेश चंद्र मिश्रा, आर्कि. मेघा वी., आर्कि. सलोनी अग्रवाल, आर्कि. रोहित कुंवर, आर्कि. मनीषा सिंह एवं आर्कि. ब्लेसी मारिया निर्वाचित हुए हैं। (A Bit Far)
“यह जीत पूरी वास्तु बिरादरी की है”
अपनी विजय पर आभार व्यक्त करते हुए आर्किटेक्ट मनबर सिंह नेगी ने कहा—
“यह जनादेश मेरे लिए अत्यंत सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी का विषय है। मैं इस विजय का श्रेय उत्तराखंड के सभी सम्मानित आर्किटेक्ट्स, IIA सदस्यों, वरिष्ठ वास्तुकारों तथा राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व को समर्पित करता हूं। यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरी वास्तु बिरादरी और हमारी टीम की सामूहिक सफलता है।”
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी का प्रयास रहेगा कि उत्तराखंड के सभी जिलों के आर्किटेक्ट्स को संगठन से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए तथा वरिष्ठ, युवा और महिला आर्किटेक्ट्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
पेशेवर विकास और मजबूत संस्थागत समन्वय प्राथमिकता
नई टीम द्वारा CPD एवं व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों, ज्ञान-विनिमय और युवा आर्किटेक्ट्स के लिए बेहतर अवसरों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही सरकारी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर वास्तुकला के पेशे की गरिमा और प्रभाव को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। (A Bit Far)
नेगी ने IIA के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्किटेक्ट जितेंद्र मेहता एवं उनकी टीम को भी राष्ट्रीय स्तर पर मिली शानदार सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि उत्तराखंड चैप्टर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ मिलकर वास्तु पेशे के विकास एवं आर्किटेक्ट्स के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।
ARCASIA Conference में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
चुनावी विजय के बाद आर्किटेक्ट मनबर सिंह नेगी वर्तमान में आगरा में आयोजित ARCASIA Conference में भाग ले रहे हैं। इस वर्ष भारत में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन The Indian Institute of Architects द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के वास्तुकार एवं प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के कार्यक्रम आगरा और जयपुर में आयोजित किए जा रहे हैं।
नेगी को ARCASIA Committee on Social Responsibility (ACSR) में Observer के रूप में भी कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह मंच एशिया के वास्तुकारों के बीच ज्ञान, अनुभव, सामाजिक उत्तरदायित्व और पेशेवर सहयोग के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम है।
आर्किटेक्ट नेगी ने कहा—
“हमारा संकल्प स्पष्ट है—एकजुट IIA, मजबूत वास्तु बिरादरी और उत्तराखंड के वास्तुशिल्प के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास। हम साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।”



